‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहराय पर यौन उत्पीड़न का आरोप, चंडीगढ़ में FIR दर्ज

चंडीगढ़ | रणवीर सिंह (Ranveer Singh) स्टार फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) अपने भव्य प्रोडक्शन डिजाइन और बड़े सेट्स को लेकर चर्चा में है, लेकिन अब फिल्म से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहराय (Saini S Johray) पर एक युवती ने सेक्शुअल हैरसमेंट के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह घटना फिल्म की शूटिंग के दौरान चंडीगढ़ में हुई थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शिकायतकर्ता दिल्ली की रहने वाली है और कॉलेज के दौरान एक फैकल्टी सदस्य के जरिए उसका रिज्यूमे ‘धुरंधर’ की टीम तक पहुंचा था। इसके बाद सितंबर 2025 में उसे असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर फिल्म से जोड़ा गया। युवती का कहना है कि इसी दौरान उसकी मुलाकात सैनी एस जोहराय से हुई, जो फिल्म में प्रोडक्शन डिजाइनर होने के साथ उसके मेंटर की भूमिका में भी थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार 10 सितंबर 2025 को जोहराय ने उसे चंडीगढ़ के एक होटल में प्रोफेशनल मीटिंग के बहाने बुलाया। युवती का आरोप है कि वहां पहुंचने पर कमरे में कोई और मौजूद नहीं था। उसने दावा किया कि जोहराय ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया और ड्रिंक में कुछ मिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। युवती ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके साथ गलत तरीके से छूने और जबरदस्ती करने की कोशिश की गई।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह कमरे से बाहर निकलना चाहती थी तो उसे रोका गया। अगले दिन किसी तरह वह होटल से बाहर निकल सकी। युवती का कहना है कि घटना के बाद काम के दौरान भी उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। हालांकि, डर और करियर पर असर पड़ने की आशंका के चलते वह लंबे समय तक चुप रही।

मामले में चंडीगढ़ के सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सैनी एस जोहराय को फिलहाल जमानत मिल गई है।

फिलहाल सैनी एस जोहराय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं फिल्म ‘धुरंधर’ की टीम ने भी अब तक इस विवाद पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *