जम्मू-कश्मीर | पहलगाम में पोनी चलाने वाले और पिछले साल बैसरन घाटी आतंकी हमले में पर्यटकों को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवाने वाले आदिल हुसैन शाह के बलिदान को सम्मानित करते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने अनंतनाग जिले के हापतनार इलाके के एक सरकारी हाई स्कूल का नाम बदलकर शहीद आदिल मेमोरियल हाई स्कूल कर दिया है।
आदिल हुसैन शाह 22 अप्रैल 2025 को हुए हमले में अपनी जान जोखिम में डालकर पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे थे। उनकी बहादुरी और निस्वार्थ बलिदान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
इस सम्मान समारोह की अध्यक्षता राज्य की शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने की, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मार्गदर्शन में मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया था। आदिल के परिवार ने इस मौके पर सरकार का आभार व्यक्त किया। उनके भाई सैयद नौशाद ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है और इससे आदिल के बलिदान को पूरे देश और दुनिया में याद रखा जाएगा।
शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने बताया कि आदिल के नाम पर स्कूल का नाम रखना उनकी बहादुरी को अमर रखने का प्रयास है। आदिल ने कश्मीर में न केवल अपने पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि यह भी दिखाया कि घाटी के लोग अपने मेहमानों के प्रति कितने संवेदनशील और जिम्मेदार हैं।
यह स्कूल अब आदिल हुसैन शाह की वीरता और निस्वार्थ सेवा की याद दिलाता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनकी मिसाल से प्रेरणा मिलेगी।