इंदौर शहर में शुक्रवार सुबह से तेज वर्षा का दौर जारी है। इसके कारण सड़कों पर पानी भर गया और वे तालाब बन गई हैं। इसके कारण सुबह काम पर निकले लोगों को परेशानी भी हुई। जलजमाव के कारण कई चौराहों पर जाम जैसी स्थिति भी बनी। सुबह दृश्यता गिरकर 1500 मीटर तक पहुंची और धुंध का असर दिखाई दिया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आज शहर में दिनभर अच्छी बारिश होने की संभावना है।
गौरतलब है कि गुरुवार को शहर में रुक रुककर वर्षा होती रही। गुरुवार को सुबह 10.30 बजे वर्षा की तेज बौछारें पड़ी। इस दौरान द्श्यता दो हजार मीटर तक पहुंची। वहीं शाम 4 बजे तेज बौछारों के कारण द्श्यता एक हजार मीटर तक भी पहुंच गई थी। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर रात 8.30 बजे तक 16 मिमी वर्षा दर्ज हुई। इंदौर में अब तक 1139 मिमी वर्षा हो चुकी है जो औसत वर्षा से 209.9 मिलीमीटर ज्यादा है।
बंगाल की खाड़ी में फिर बनेगा कम दबाव का क्षेत्र – मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र उत्तर पश्चिम मप्र पर बना हुआ और यह उत्तर प्रदेश की ओर जाएगा। इस वजह से शुक्रवार को इंदौर में बादल रहेंगे और हल्की वर्षा होती रहेगी। 18 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके असर से शहर में एक बार फिर 20 से 22 सितंबर के आसपास वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी।