हलचल… संघ में संभागीय व्यवस्था की सुगबुगाहट, यह कैसा विरोध?, मंत्री, भईया और बेटी का कनेक्शन?, खोदा पहाड़ निकली चुहिया, पुनिया की राह पर भगत?

Thethinkmedia@raipur

यह कैसा विरोध?

राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वास्तव में सरल और सहज ही हैं। वह सरल हैं इसलिए इस लोकतान्त्रिक व्यवस्था में हर वर्ग, हर विधा के लोग अपना-अपना विरोध अपने तरीके से व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र है। कई विधा के लोग खुले तौर पर विरोध करते भी दिखाई देते हैं और करना भी चाहिए। असहमति पर विरोध व्यक्त करना लोकतान्त्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी टीम बीते तीन वर्ष में कभी भी इसका दमन करते नहीं नजर आये। लेकिन जब अपना ही साथी खुले तौर पर विरोध में उतर जाये तो यह कैसा लोकतान्त्रिक चरित्र है? यदि हिंदुओं के प्रमुख त्योहार के बीच मुख्यमंत्री निवास में धरना दे दिया जाये तो फिर कहना ही क्या है? खैर माँगे पूरी करवाने के लिए और भी रास्ते अपनाए जा सकते हैं। इस तरह का हट करना कितना उचित है? इस पर चिंतन और मंथन की जरूरत है।

पहले सप्ताह चुनाव की घोषणा

दिसम्बर के पहले सप्ताह निकाय चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी। दरअसल बीरगाँव नगर निगम, भिलाई, चरोदा समेत कई जगह चुनाव होने है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। संभव है कि दिसम्बर के पहले सप्ताह में चुनाव की तिथियों का ऐलान कर दिया जाये।

संघ में संभागीय व्यवस्था की सुगबुगाहट

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में संभागीय व्यवस्था की सुगबुगाहट सुनाई दे रही है। कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के अंदर दायित्व दो संभागों में बाँटे जा सकते है। हालांकि इस संदर्भ में अभी तक आरएसएस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। दरअसल इसके पीछे मकसद यह है कि दो भागों में दायित्व सौपने से जमीनी पकड़ और मजबूत होगी। वहीं इसका एक नजरिया यह भी है कि वर्तमान में दायित्व सम्भाल रहे स्वयं सेवकों के कद को छोटा किया जा रहा है। साथ ही इस व्यवस्था से ज़्यादा लोगो को इंगेज किया जा सकता है। बहरहाल कारण जो भी हो लेकिन यह व्यवस्था लागू करने की सुगबुगाहट सुनाई दे रही है।

मंत्री, भईया और बेटी का कनेक्शन?

मंत्री, भईया और बेटी का कनेक्शन इन दिनों खूब रंग ला रहा है। दरअसल सरकार के एक मंत्री के यहाँ भईया के बिना इजाजत के पत्ता तक नहीं हिलता। कहने को तो भइया का मूल काम छात्रों को पढ़ाना था, लेकिन सत्ता का काम और उसमें यदि दखल हो जाये तो फिर बात ही निराली है। खैर मंत्री जी का भइया से पुराना नाता है, मंत्री जी आज भी इन्हें भइया ही कहते हैं। लेकिन भइया हर काम को लेकर बंगले से फोन मंत्रालय घुमाते हैं और यहाँ बेटी से सलाह लेते हैं। उसके बाद ही कुछ बात आगे बढ़ती है। कहा तो यह भी जाता है कि बेटी के एक नजदीकी रिश्तेदार का मुख्य विपक्षी दल से सीधा नाता है। खैर सत्ता में सब जायज है। यहाँ किसका, किससे क्या कनेक्शन है? क्या नाता है? यह बड़ा ही रोचक होता है।

खोदा पहाड़ निकली चुहिया

छत्तीसगढ़ में सीजीपीएससी को लेकर बीते विधानसभा चुनाव के दौरान कोहराम मचा हुआ था। तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी पर पदों को बेचने का आरोप है, वह वर्तमान में सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं। हालाँकि इसके पहले भी सीजीपीएससी पर कई गंभीर आरोप लगे थे। लेकिन पिछले सरकार ने प्रमोटी आइएएस को अध्यक्ष पद पर बैठाया तो भ्रष्टाचार का खुला खेल खेला गया। सीबीआई, ईडी, ईओडब्ल्यू और ना जाने कितनी जाँच एजेंसियाँ सीजीपीएससी घोटाले की जाँच कर रही हैं। नतीजन वर्तमान सरकार को इस पद के लिए योग्य उम्मीदवार खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अध्यक्ष पद में जल्दी नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट सहित चारों ओर जमकर दबाव है। इस बीच एक रिटायर्ड आईएएस का नाम अध्यक्ष पद के लिये सुर्खिंयों में है। हालाँकि अभी तक इसके लिए कोई आदेश जारी नहीं किए गये हैं। दरअसल पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और वर्तमान में सुर्खियों में आये नाम में एक बात कॉमन है। टामन सिंह सोनवानी भी प्रमोटी आईएएस थे और वर्तमान में अध्यक्ष पद के लिये जिस अफसर का नाम सुर्खियों में है वह भी प्रमोटी आईएएस रहे हैं। हालाँकि वर्तमान में सुर्खियों में आये अफसर पर भ्रष्टाचार के कोई घोषित आरोप नहीं है। लेकिन दोनों के चयन प्रक्रिया की दावेदारी और योग्यता में समानता को देखकर लोग दवे स्वर में कहने लगे है, खोदा पहाड़ निकली चुहिया। कहने का आशय यह है कि मोदी की गारंटी और सीजीपीएससी की पारदर्शिता को लेकर जितना हल्ला किया गया है, उसके अनुरूप धरातल में कुछ ख़ास पहल नजर नहीं आ रहा है।

रिटायर्ड आईएएस ही सीजीपीएससी का अध्यक्ष क्यों?

बीते सरकार के कार्यकाल में सीजीपीएससी को लेकर जितना विवाद हुआ, शायद ही कोई संस्था उतना विवाद में रही हो। फिर भी अध्यक्ष की नियुक्ति में गंभीरता क्यों नहीं बरती जा रही है। खैर संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति का अधिकार राज्यपाल को है। विधि के जानकार कहते हैं कि आधे सदस्य अफसर हो सकते हैं, इसके लिए केंद्र अथवा राज्य सरकार में कम से कम 10 वर्ष की सेवा अनिवार्य है, बाकि किसी भी विधा के लोगो की नियुक्ति की जा सकती है। वहीं अध्यक्ष पद में रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, रिटायर्ड जज, वकील, प्रोफेसर, पत्रकार, शिक्षाविद् आदि की नियुक्ति भी की जा सकती है, तो फिर सिर्फ रिटायर्ड आईएएस ही क्यों? खैर यह सरकार और राज्यपाल का विशेषाधिकार है कि वह सीजीपीएससी के अध्यक्ष और सदस्य के पद पर जिस विधा के व्यक्ति की चाहें नियुक्ति कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि वर्तमान अध्यक्ष की नियुक्ति का प्रस्ताव लोकभवन तक पहुँच चुका है। अब दो नामों में से एक नाम पर राज्यपाल को तय करना है कि वह किसके नाम पर मुहर लगाते हैं। लेकिन सीजीपीएससी में उपजे विवाद के बाद क्या उसकी पुनरावृत्ति के आशंकाओं से बचने का प्रयास नहीं करना चाहिए?

विभाग के अफसर क्या करेंगे?

इन दिनों एक विभाग जमकर सुर्खियाँ बटोर रहा है। दिल्ली से लेकर राजधानी तक सुर्खियाँ बटोरने के बाद भी बड़े से बड़े कारनामों को अंजाम दिया जा रहा है। कहने को तो इस विभाग में अलग-अलग कार्यों के लिए एक्सपर्ट अफसर होते है, टेक्निकल अफसर होते हैं। लेकिन यहाँ किसी का काम कोईं और ही सम्भालता है। खैर सिस्टम में चल रही मनमानी को यदि आँख मूँदकर देखने की आदत पड़ जाये तो दृश्य कुछ ऐसा ही हो जाता है। दरअसल यहाँ नौकरी लगाने से लेकर प्लेसमेंट तक का काम एक आयुर्वेदिक डॉक्टर द्वारा किया जा रहा है। वहीं साफ-सफाई का काम होमियोपैथिक डॉक्टर के द्वारा देखा जा रहा है। इतना नहीं अब तो मिनी कमिश्नरी भी एक होमियोपैथिक डॉक्टर को सौप दिया गया है। कुल मिलाकर होमियोपैथिक, एलोपिथिक और आयुर्वेदिक डॉक्टरों की भरमार देखकर यहाँ के अफसर परेशान है कि वह आखिर करें तो करें क्या? उनके काम तो कोई और ही कर रहे हैं।

तलवार की पुकार और नेता जी का इनकार

बीते दिनों एक नेता जी का जन्म दिवस उत्सव मनाया जा रहा था। समर्थकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इसी बीच एक समर्थक चमकती हुई तलवार लेकर पहुँच गया। यह तलवार किसी की गर्दन उड़ाने के लिए नहीं थी, बल्कि नेताजी से केक कटवाने के लिये खास तौर पर लायी गई थी। जैसे ही केक कटिंग सेरेमनी शुरू हुई तलवार निकली, इसी बीच नेता जी की नजर चमचमाती तलवार पर पड़ी, नेता जी आँखों के इशारे से साफ तौर पर तलवार को अंदर रखने का इशारा किया। दरअसल पुरानी सरकार में एक मंत्री तलवार से केक काटकर जमकर विवादों से घिर गये थे, नेता जी को वह वाक्या बखूबी याद था, इसलिए तुरंत तलवार को म्यान में डालने का इशारा कर दिया।

पुनिया की राह पर भगत?

2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी के रूप में पीएल पुनिया को जिम्मेदारी सौंपी थी। पुनिया ने उस दौर में कांग्रेस के अंदरखाने में चल रहे खुले विरोध और गुटवाजी पर विजयश्री हासिल की थी और चार धड़ों में बटे राज्य के प्रमुख कांग्रेसी नेता, डॉ. चरणदास महंत, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू को एकजुट कर राज्य का जातिगत समीकरण साधने में सफलता हासिल की थी। उस दौरान पुनिया वीआईपी कल्चर से दूर सिविल लाईन्स के सरकारी विश्राम गृह में डेरा डालकर बैठे थे। ठीक उसी तरह अब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत लगातार दिग्गज कांग्रेसी नेताओं को एकजुट करने में जुटे हुए हैं। वह एक ही कार की सवारी करते भी दिखाई दे रहे हैं, जिसमें चालक की भूमिका में पूर्व सीएम भूपेश बघेल नजर आये हैं, तो वहीं महंत और सिंहदेव भूपेश के कार की सवारी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। हालाँकि इन दिनों पूर्व सीएम भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के बीच जमकर ठन गई है। देवेंद्र प्रदेश भर की यात्रा में निकल गये हैं, तो भूपेश बघेल प्रदेश प्रभारी को अपनी कार में बिठाकर छत्तीसगढ़ दर्शन कराते नजर आ रहे हैं। अब भगत पुनिया की राह चलकर तमाम कांग्रेसी नेताओं को एकजुट करने में सफल होते हैं या फिर देवेंद्र यादव की भाँति और भी कांग्रेसी नेता एकला चलो रे की नीति अपनाते को विवश होते हैं, फिलहाल यह तो आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा।

editor.pioneerraipur@gmail.com

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *