नई दिल्ली । इंडिया गठबंधन के संसदीय दलों के नेताओं ने सरकार के प्रस्तावित परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया है। शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित गठबंधन की बैठक में नेताओं ने कहा कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए।
बैठक में शामिल विपक्षी नेताओं ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर अपनी आपत्तियां रखते हुए कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी और परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए।
गठबंधन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे परिसीमन विधेयक का पहले की तरह विरोध जारी रखेंगे। उनका कहना था कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की जानी चाहिए।
बैठक में इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच एकजुटता बनाए रखने और सरकार के प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ साझा रुख अपनाने पर सहमति बनी।
गौरतलब है कि महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन का मुद्दा संसद में राजनीतिक चर्चा का महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है। इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच अलग-अलग दृष्टिकोण सामने आ रहे हैं।