रायपुर/नई दिल्ली | मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बुधवार और गुरुवार को प्रस्तावित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया है कि दौरे का संशोधित कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त को राज्य में चुनावी तैयारियों और संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी थी। हालांकि, अचानक दौरा स्थगित किए जाने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Form-6 में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
इस बीच, मतदाता पंजीकरण के Form-6 में कथित बदलाव से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए और मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल कोई अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने चुनाव आयोग से इस मामले में जवाब मांगा है। अब आयोग के जवाब के बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।
चुनाव आयोग पर बढ़ता दबाव
Form-6 में कथित बदलाव और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। विपक्षी दल चुनाव आयोग की पारदर्शिता और प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि आयोग से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जा रही है।
छत्तीसगढ़ दौरे के स्थगित होने और Form-6 मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब निर्वाचन आयोग के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।