दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गुटखा निर्माण के ठिकाने का खुलासा किया है। कचांदुर गांव में डिटर्जेंट पाउडर बनाने के नाम पर किराए पर लिए गए गोदाम में जर्दायुक्त गुटखा तैयार और पैक किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गुटखा और निर्माण सामग्री जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा के गोदाम को उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद शान ने करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था। गोदाम लेते समय उसने डिटर्जेंट पाउडर बनाने का काम करने की बात कही थी। लेकिन कुछ दिनों बाद किराएदार से संपर्क नहीं होने और मोबाइल बंद मिलने पर गोदाम मालिक को शक हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां से 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकेजिंग व मिक्सिंग मशीन बरामद की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम में अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकिंग का काम किया जा रहा था।
फिलहाल जब्त सामग्री को फूड सेफ्टी विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब गोदाम किराए पर लेने वाले व्यक्ति और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।