गुलमर्ग रोपवे में तकनीकी खराबी, 300 पर्यटक हवा में फंसे; सेना-पुलिस का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एशिया के सबसे ऊंचे रोपवे गुलमर्ग गोंडोला रोपवे में तकनीकी खराबी आने से करीब 300 पर्यटक हवा में फंस गए।

जानकारी के अनुसार, गोंडोला सेवा अचानक बीच रास्ते में रुक गई, जिससे कई केबिन हवा में ही अटक गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई पर्यटक, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान में 9 राज राइफल्स की टीम सहित अन्य आपदा प्रबंधन इकाइयां भी शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, सभी केबिन में फंसे पर्यटक सुरक्षित हैं और उन्हें धीरे-धीरे नीचे उतारने का काम जारी है। रेस्क्यू अभियान की निगरानी एसडीएम और तहसीलदार स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि गुलमर्ग गोंडोला एशिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे प्रोजेक्ट्स में से एक माना जाता है, जो पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *