कनाडा में गुजराती लॉ छात्रा विधि की चाकू मारकर हत्या, परिवार में मातम; आरोपी गिरफ्तार

आणंद/कनाडा। कनाडा में रहने वाली गुजरात की एक छात्रा की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली 22 वर्षीय विधि मेघा की कनाडा में अज्ञात हमलावर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विधि पिछले चार वर्षों से कनाडा के नियाग्रा इलाके में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रही थी। वह पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करती थी, ताकि अपने खर्च पूरे कर सके। परिवार के मुताबिक, वह कनाडा में स्थायी निवास (PR) की तैयारी भी कर रही थी।

बताया जा रहा है कि 15 मई को विधि घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान उस पर हमला किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े चाकू से उस पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि घटना लूटपाट के इरादे से की गई हो सकती है।

परिवार ने बताया कि 16 मई से विधि से उनका संपर्क टूट गया था। कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने उसके दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में विदेश मंत्रालय के जरिए परिवार को घटना की सूचना दी गई।

जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विधि के घर पहुंचे और परिवार को उसकी हत्या की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद विधि के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में मदद की मांग की है। वहीं स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल कनाडाई पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

**************************************

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *