रायपुर में कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन, CM साय बोले—छत्तीसगढ़ में ही मिलेगी उच्चस्तरीय इलाज की सुविधा

रायपुर । छत्तीसगढ़ को मध्य भारत का प्रमुख मेडिकल हब बनाने की दिशा में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर में ओमेगा मेडिसिन अस्पताल की नई स्वास्थ्य पहल के तहत प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही प्रदेश में उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो सके।

मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल प्रबंधन और ओमेगा ग्रुप की टीम को बधाई देते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती प्रदान करेगा। प्रस्तावित ऑन्कोलॉजी सेंटर से छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी बेहतर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कैंसर के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता होगी कम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी मरीज के साथ पूरे परिवार के लिए चुनौती बन जाती है। उपचार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरकार का प्रयास है कि मरीजों को अपने प्रदेश में ही आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि ओमेगा मेडिसिन अस्पताल का प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रदेश में गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को अपने परिवार के बीच रहकर इलाज कराने में मदद मिलेगी।

गांव से वनांचलों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का ध्यान केवल बड़े शहरों में आधुनिक अस्पताल विकसित करने पर नहीं, बल्कि ग्रामीण, गरीब और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर भी है।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना मजबूत की जा रही है। जिला अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक पैथोलॉजी और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि सामान्य जांच और उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अबूझमाड़ सहित सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य शिविरों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा आवश्यक दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य राजधानी रायपुर से लेकर दूरस्थ गांवों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर देती है। ऐसे में आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत उपचार की सुविधा देकर बड़ी राहत प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से भी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रही है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी गरीब का इलाज नहीं रुके और किसी परिवार को उपचार के लिए अपनी संपत्ति बेचने जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

नवा रायपुर में 200 एकड़ में विकसित होगी मेडिसिटी और फार्मा पार्क

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निवेश केंद्रों में शामिल करने के लिए नवा रायपुर में लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है।

इस परियोजना से सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं, फार्मास्युटिकल उद्योग, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश में मेडिकल टूरिज्म का विस्तार होगा और डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों तथा अन्य युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर में आधुनिक अस्पतालों तथा मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सा संस्थानों के विस्तार से छत्तीसगढ़ एक प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के लोगों को बेहतर उपचार के लिए बाहर न जाना पड़े और दूसरे राज्यों के मरीज भी यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

निजी निवेश से मजबूत होगा स्वास्थ्य तंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमेगा ग्रुप की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार छत्तीसगढ़ में चिकित्सा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को दर्शाता है। सरकार सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के समन्वय से आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित करने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि नए अस्पतालों और सुपर स्पेशलिटी केंद्रों की स्थापना से मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा। साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग बढ़ेगी और युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहा है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार गांवों से लेकर शहरों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है। उन्होंने प्रस्तावित कैंसर उपचार केंद्र की पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, मेडिसिन हॉस्पिटल के डायरेक्टर सुशील शर्मा, ओमेगा ग्रुप के सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध प्रदेश की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और गंभीर बीमारी के उपचार में कोई भी परिवार खुद को असहाय महसूस न करे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *