कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने किया एसईसीएल की कुसमुंडा खदान का निरीक्षण, उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर दिया जोर

कोरबा । कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने रविवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कुसमुंडा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान में कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) और विभिन्न परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संशोधित उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा खनन कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया।

खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का किया निरीक्षण

दौरे की शुरुआत में चेयरमैन बी. साईराम ने कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय माइनिंग पैच का निरीक्षण कर वहां चल रहे खनन कार्यों और उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने केएनआर (KNR) के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच का भी दौरा किया और वहां संचालित खनन गतिविधियों की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, नीलकंठ फेस का निरीक्षण कर कोल फेस की स्थिति, एक्सपोजर और खनन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने कुसमुंडा परियोजना के निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उत्पादन बढ़ाने में आ रही परिचालन संबंधी चुनौतियों, मौजूदा बाधाओं और उनके समाधान के लिए उठाए जाने वाले जरूरी कदमों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने खदान में उत्पादन और ओवरबर्डन हटाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना पर जोर दिया।

उत्कृष्ट कर्मियों को किया सम्मानित

दौरे के दौरान बी. साईराम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और खनन गतिविधियों में उनके योगदान की सराहना की।

अधिकारियों और संविदा एजेंसियों के साथ हुई बैठक

फील्ड निरीक्षण के बाद चेयरमैन ने कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों और संबंधित हितधारकों के साथ बैठक की। इसमें उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति, खनन कार्यों में आपसी समन्वय और परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चन्द्र महापात्र, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कोल इंडिया चेयरमैन का यह दौरा कुसमुंडा मेगा परियोजना में उत्पादन गतिविधियों की समीक्षा, परिचालन चुनौतियों की पहचान और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक कदमों पर केंद्रित रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *