राज्यपाल रमेन डेका ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायगढ़ | राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिला कलेक्टोरेट परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति संरक्षण को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला बताया।

राज्यपाल डेका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रकृति को बचाने का प्रयास नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और अस्वस्थ जीवनशैली जैसी चुनौतियां बढ़ रही हैं। इनसे निपटने के लिए हर व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पौधरोपण को जनआंदोलन का रूप देना होगा।

उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी माता की स्मृति या सम्मान में एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।

राज्यपाल ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कर हरित और स्वच्छ वातावरण बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *