महानदी में बढ़ते जलस्तर पर सरकार अलर्ट, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की बाढ़ तैयारियों की समीक्षा

रायपुर | महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों और विभागीय समन्वय की स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के महानदी तटवर्ती गांवों के साथ-साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल और चंद्रपुर क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर बढ़ रहा है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि स्थिति पर नजर रखने के साथ ही सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। महानदी के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए ओडिशा सरकार के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हीराकुंड बांध के गेट संचालन को लेकर भी आवश्यक तालमेल बनाया जा रहा है, ताकि संभावित बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके।

वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखें और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें।

ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार, प्रशासन और जनता के सामूहिक सहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-धन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *