नेपाल सरकार ने दी नए सिक्के को मंजूरी, विवादित नक्शा हटाकर मठ की तस्वीर लगाने का फैसला

काठमांडू। नेपाल सरकार ने एक रुपये के नए डिजाइन वाले सिक्के को मंजूरी दे दी है। नए सिक्के में नेपाल का विवादित राजनीतिक नक्शा शामिल नहीं होगा। इसके स्थान पर अब प्राचीन बौद्ध मठ की तस्वीर अंकित की जाएगी।

मौजूदा एक रुपये के सिक्के पर नेपाल के उस नक्शे को दिखाया गया था, जिसमें लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा बताया गया था। इन क्षेत्रों को लेकर भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सीमा विवाद रहा है।

2020 में ओली सरकार ने जारी किया था नया नक्शा

यह फैसला नेपाल की पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सरकार द्वारा साल 2020 में जारी किए गए नए राजनीतिक नक्शे के कई साल बाद आया है। उस समय नेपाल ने अपने आधिकारिक नक्शे में लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को शामिल किया था, जिस पर भारत ने आपत्ति जताई थी।

भारत इन क्षेत्रों को अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है, जबकि नेपाल भी इन पर अपना दावा करता रहा है।

नए सिक्के में होगी प्राचीन मठ की तस्वीर

सूत्रों के मुताबिक, नेपाल मंत्रिपरिषद ने नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) के प्रस्ताव पर नए डिजाइन वाले एक रुपये और दो रुपये के सिक्के जारी करने को मंजूरी दी है।

नेपाल राष्ट्र बैंक के अनुसार, नए सिक्के का आकार पहले से छोटा और हल्का होगा। बैंक का कहना है कि छोटे आकार के कारण उस पर पूरा राजनीतिक नक्शा अंकित करना संभव नहीं होगा। इसलिए एक रुपये के सिक्के पर अब प्राचीन लो ग्याकर बौद्ध मठ की तस्वीर लगाने का निर्णय लिया गया है।

भारत-नेपाल संबंधों के बीच अहम कदम

नेपाल सरकार का यह फैसला दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर बदले रुख के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच सीमा संबंधी मुद्दों पर बातचीत और कूटनीतिक प्रक्रिया जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *