कोलकाता। आईपीएल क्रिकेटर और दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल पर मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पुलिस को क्रिकेटर अभिषेक पोरेल और एक अन्य आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने पुलिस को आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का भी आदेश दिया है, ताकि कथित निजी फोटो और वीडियो के प्रसार को रोका जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने एक पेन ड्राइव भी जब्त की है, जिसमें महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य होने की आशंका जताई जा रही है।
शादी का झांसा देने और धमकी देने के आरोप
यह मामला एक मेडिकल छात्रा की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग की।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने बाद में दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी से इनकार कर दिया। शिकायत में मारपीट और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पोरेल ने आरोपों को बताया गलत
अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस की ओर से अब तक कोई संपर्क नहीं किया गया है। क्रिकेटर ने दावा किया कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और पुलिस जांच पूरी होने के बाद इस मामले पर विस्तार से जवाब देंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी हैं पोरेल
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।
पोरेल ने 2021-22 सीजन में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह इंडिया ए टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जा चुके हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है और कोर्ट के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।