रायपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर और बेंगलुरु छावनी के बीच वन-वे समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से छत्तीसगढ़ समेत दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में सुविधा होगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08263 बिलासपुर-बेंगलुरु छावनी समर स्पेशल 12 जून को बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में इसका ठहराव बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया स्टेशनों पर रहेगा, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।
18 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
समर स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इनमें 2 एसएलआरडी, 6 सामान्य (जनरल) और 10 स्लीपर कोच शामिल हैं। रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और यात्रा अधिक आरामदायक होगी।
दोपहर 2 बजे होगी रवाना
यह विशेष ट्रेन 12 जून को दोपहर 2 बजे बिलासपुर से रवाना होगी। रास्ते में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए यह ट्रेन अगले दिन रात करीब 8 बजे बेंगलुरु छावनी स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से समय पर आरक्षण कराने और यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है। समर स्पेशल ट्रेन के संचालन से छुट्टियों के दौरान दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।