महासमुंद में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार महिला सहित चार की मौत

महासमुंद। गुरुवार देर रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे झलप-बागबाहरा रोड पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार की मौत हो गई। इनमे एक 45 वर्षीय महिला और तीन युवक शामिल है। चारों एक ही बाइक पर सवार थे और ढांक से तेंदुकोना कलमीदादर के रास्ते गांव बसूलाडबरी (बागबाहरा) लौट रहे थे। बाइक से खुद गिरे, किसी से टकराये या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारा, यह पुलिस के लिए जांच का विषय बना हुआ है। इधर घटना की खबर पाकर गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में मां-बेटा व एक ही परिवार के दो अन्य युवक बताए गए हैं।

घटना पटेवा थानांतर्गत बरेकेल मोड़, नरतोरा चौखड़ी के पास की है। रात में घटना की जानकारी पटेवा टीआइ कुमारी चंद्राकर को मिली। मौके पर पहुची। बताया गया है कि चारों की मौत मौके पर ही हो गई। इन्हें बागबाहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। रात एक बजे टीआइ ने इंटरनेट मीडिया पर घटना की जानकारी दी।

पटेवा टीआइ चंद्राकर ने बताया कि बाइक पर सवार ये चारों ढांक से 17 फरवरी को रात में गृहग्राम बसुलाडबरी (बागबाहरा) जा रहे थे। वे कलमीदादर तेंदूकोना मार्ग से होकर गांव जा रहे थे। इधर मृतकों की पहचान बुगली बाई पत्नी पुरुषोत्तम (45), प्रेमलाल पुत्र पुरूषोत्तम (18), जामलाल पुत्र लक्ष्मण नागवंशी (22), हुमन पुत्र उमाशंकर (18) के रुप में हुई। पुलिस ने सभी शवों को बागबाहरा सामुदायिक केंद्र भेजा।जहां पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द किया जाएगा। हादसे की जांच में पुलिस जुटी है।

मार्ग पर खतरनाक मोड़, संकेतक तक नहीं

तेंदुकोना-कलमीदादर- जोबा झलप नवनिर्मित मार्ग में खतरनाक मोड़ हैं, जिनपर मे अब तक रेडियम संकेतक बोर्ड नही लगाया गया है। जिससे इस मार्ग में आये दिन दुर्घटना हो रही हैं। तीन दिन पूर्व ही उक्त सड़क का विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *