दुर्ग। मौसम में बदलाव के साथ ही गुरुवार सुबह कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदा-बांदी हुई। बारिश व बूंदा-बांदी की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आ गई है। मौसम में बार-बार होने वाले बदलाव का असर सब्जी फसलों पर फिर देखने को मिल रहा है। सब्जी फसलों में कीट व्याधि पहले से ही लगी हुई है। मौसम बदलने के बाद सब्जी फसल को और होने वाले नुकसान बचाने किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा था। रात का न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा था।इस बीच बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात मौसम में एक बार फिर बदलाव आ गया। मौसम बदलने के साथ ही गुरुवार सुबह दुर्ग-भिलाई सहित जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई तो कहीं-कहीं बूंदा-बांदी। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन में तीन मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। वहीं दुर्ग और धमधा ब्लाक में भी कहीं-कहीं बारिश होने की खबर है।
हालाकि बारिश कुछ ही देर तक हुई लेकिन इसके बाद दिनभर आसमान को बादलों ने ढंक रखा था। ठंड़ी हवाएं चलने की वजह से लोगों को ठिठुरन का भी अहसास होने लगा। बारिश व बादल का असर दिन व रात के अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान पर देखने को मिला।अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोनों तापमान सामान्य तापमान से क्रमशः चार डिग्री सेल्सियस और एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार के बनिस्बत गुरुवार को अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।