जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नकली नोट के जरिए शराब खरीदने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद हुए हैं, जिनका सीरियल नंबर भी एक ही पाया गया।
पुलिस के अनुसार, मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। 20 जुलाई को सूचना मिली कि एक युवक देशी मदिरा दुकान अकलतरा में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे, निवासी ग्राम दोमुहानी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई, जहां सभी नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट उसे किसने उपलब्ध कराए और इस मामले में कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।