जांजगीर-चांपा | शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब 24 मई को हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दंपति ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों ने आरोपियों के झांसे में आकर चेक और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये उनके बैंक खातों में जमा करा दिए। पुलिस के अनुसार, विश्वास बनाए रखने के लिए आरोपियों ने शुरुआती दौर में 39,99,400 रुपये वापस किए, लेकिन बाद में शेष राशि लौटाने से इनकार कर दिया और कथित रूप से उसका गबन कर लिया।
मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।