रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। बेहतर उपचार के लिए उन्हें राजधानी के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। चोट के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में उनके निवास पहुंचे और मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज उन्हें रायपुर आना था। ऐसे में उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के समुचित उपचार के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल को वरिष्ठ आदिवासी नेता के स्वास्थ्य के प्रति उनकी चिंता और मानवीय दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है।