रायपुर । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं, जिनकी रोकथाम के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, प्रशासनिक सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी परिस्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों का निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
राज्यपाल रमेन डेका आज रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मानव तस्करी का बढ़ता दायरा गंभीर चिंता का विषय
राज्यपाल ने कहा कि मानव तस्करी आज खतरनाक रूप ले चुकी है। अब यह समस्या केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह बेहद गंभीर विषय है। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कानूनों का सख्ती से क्रियान्वयन और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
घरेलू हिंसा रोकने समाज में जागरूकता जरूरी
घरेलू हिंसा के मुद्दे पर राज्यपाल ने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की व्यवस्था अधिक थी, लेकिन अब एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है। घरेलू हिंसा पहले भी होती थी और आज भी हो रही है। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा का शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि कामकाजी महिलाएं भी होती हैं। इस समस्या को गंभीरता से समझने और इसके दुष्प्रभावों को रोकने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। परिवार के नैतिक मूल्य और सामाजिक वातावरण भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पारिवारिक या मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जुड़े मामलों में उचित काउंसलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए।
पुलिस, न्यायपालिका और सामाजिक संगठनों में बेहतर समन्वय जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में तथ्यों और परिस्थितियों को समझते हुए कानून के दायरे में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मीडिया समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। स्वयंसेवी संगठनों और समुदाय के लोगों को भी पीड़ितों की सहायता तथा जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि केवल कार्यशालाओं में चर्चा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इनमें होने वाले विचार-विमर्श से निकलने वाले निष्कर्षों और सुझावों को धरातल पर लागू करना भी जरूरी है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यशाला में राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।