दुर्ग में पूर्व क्रिकेटर पर धोखाधड़ी का आरोप, न्यायालय ने पुलिस जांच के दिए निर्देश

रायपुर/दुर्ग |  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान कथित धोखाधड़ी के मामले में कानूनी विवाद में घिर गए हैं। आरोप है कि जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट ठेका दिलाने का झांसा देकर 17.52 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्या दीवान की अदालत ने पुलिस को FIR दर्ज कर जांच पूरी करने और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, आवेदक दिनकर विश्वमित्र ने न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात राजेश चौहान से परिचित सरोज कुमार के माध्यम से हुई थी। आवेदन में दावा किया गया कि राजेश चौहान ने स्वयं को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बताते हुए कहा था कि उनकी गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी को ओडिशा के क्योंझर स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड में आयरन अयस्क और अन्य सामग्री परिवहन का ठेका मिला है।

आरोप है कि राजेश चौहान ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में साझेदारी और ट्रक लगाने के नाम पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, विश्वास दिलाने के लिए कथित तौर पर वर्क ऑर्डर सहित अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए, जिसके बाद उन्होंने निवेश करने की सहमति दी।

2021 में हुआ था इकरारनामा

शिकायत के मुताबिक, दिनकर विश्वमित्र और राजेश चौहान के बीच 30 जुलाई 2021 को इकरारनामा हुआ था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पहली किस्त के रूप में 2.51 लाख रुपये दिए। वहीं, गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के खाते में दो अलग-अलग किस्तों में कुल 15.01 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

आवेदक की ओर से अधिवक्ता सौरभ चौबे ने न्यायालय में तर्क रखा कि व्यवसायिक लेन-देन के नाम पर धोखाधड़ी कर धन प्राप्त करने के पर्याप्त आधार मौजूद हैं। इसके बाद कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 175(3) के तहत आवेदन स्वीकार करते हुए पुलिस को मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

राजेश चौहान का क्रिकेट करियर

राजेश चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रहे हैं। उन्होंने 1990 के दशक में भारत के लिए 21 टेस्ट और 35 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 47 विकेट हासिल किए थे।

फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *