तुरतुरिया धाम में बाढ़ का कहर, नदी पार फंसे 200 श्रद्धालुओं को कसडोल पुलिस ने सुरक्षित बचाया

बलौदाबाजार। जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मातागढ़ तुरतुरिया धाम में अचानक आई बाढ़ के बीच बड़ा हादसा टल गया। भारी बारिश के कारण  बालमदेही नदी  का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे नदी पार गए 200 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक फंस गए। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जान जोखिम में डालकर पुलिस जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस अधीक्षक  ओ.पी. शर्मा  के निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस की टीम ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव और उफनता पानी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए फंसे लोगों तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू के दौरान पुलिस जवानों ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की विशेष मदद की। कई ऐसे लोग जो चलने में असमर्थ थे, उन्हें जवानों ने अपने कंधों पर उठाकर नदी और पथरीले रास्तों को पार कराया और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

समय रहते टला बड़ा हादसा

भारी बारिश के बीच नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के साहस की हो रही सराहना

कसडोल पुलिस के इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने जमकर सराहना की है। लोगों ने कहा कि पुलिस जवानों ने कर्तव्य के साथ मानवता का भी परिचय दिया और संकट की घड़ी में देवदूत बनकर मदद पहुंचाई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहें और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *