रायपुर में पहला स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव शुरू, अरुण साव बोले- विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल बनेगा अहम आधार

रायपुर । छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया।

राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल अधोसंरचना मजबूत करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के रोडमैप पर मंथन किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल एक महत्वपूर्ण उपक्रम साबित होगा। खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे मजबूत मानव संसाधन के रूप में तैयार होंगे, जिसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मौजूदा खेल अधोसंरचनाओं के बेहतर उपयोग, उनके संचालन और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था पर जोर दिया।

नई खेल नीति में शामिल होंगे कॉन्क्लेव के सुझाव

उप मुख्यमंत्री ने ‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि विशेषज्ञों की चर्चा से निकलने वाले सुझावों को राज्य की खेल नीति में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों के गठन, उनके मजबूत ढांचे, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने पर बल दिया।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव में हुई चर्चा के निष्कर्षों को प्रदेश की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 150 करोड़ रुपए से अधिक की खेल अधोसंरचनाओं के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनेगा कॉन्क्लेव

कॉन्क्लेव के पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में बेहतर रणनीति तैयार होगी।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री राजेश चौहान, ओलंपियन श्री जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया सहित खेल विशेषज्ञ, प्रशिक्षक, जिला खेल अधिकारी, पदक विजेता खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *