रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 300 से अधिक लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सहयोग केंद्र पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान वित्त मंत्री ने 100 से अधिक आवेदनों का तत्काल निराकरण कराया। वहीं, जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से सीधे फोन पर चर्चा कर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया गया। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा का सहयोग केंद्र इसी उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कराने की सुविधा मिल सके।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक बजाज और प्रबल प्रताप जूदेव भी सहयोग केंद्र में मौजूद रहे और जनसुनवाई कार्यक्रम में भाग लिया।