FIFA World Cup 2026: 3 साल बाद ब्राजील टीम में नेमार की वापसी, क्रोएशिया की कमान फिर लुका मोड्रिच के हाथों में*

FIFA World Cup 2026 | FIFA World Cup 2026 को लेकर फुटबॉल जगत में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच दुनिया की दो बड़ी फुटबॉल ताकतों ब्राजील और क्रोएशिया ने अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील टीम में स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर की करीब तीन साल बाद वापसी हुई है, जबकि क्रोएशिया ने अनुभवी मिडफील्डर लुका मोड्रिच को एक बार फिर कप्तानी सौंपी है।

ब्राजील के नए मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने रियो डी जेनेरियो में टीम की घोषणा करते हुए कहा कि नेमार अब पूरी तरह फिट हैं और लगातार फुटबॉल खेल रहे हैं। चोट के कारण नेमार 2023 के बाद से ब्राजील के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेल पाए थे। अब वे अपने करियर का लगातार चौथा वर्ल्ड कप खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वे 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में भी ब्राजील का हिस्सा रह चुके हैं।

ब्राजील को ग्रुप-C में रखा गया है, जहां उसका पहला मुकाबला 13 जून को मोरक्को से होगा। इसके बाद टीम हैती और स्कॉटलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। टीम में गोलकीपर एलिसन बेकर की भी चोट के बाद वापसी हुई है। वहीं विनीसियस जूनियर, राफिन्हा और युवा स्टार एंड्रिक फॉरवर्ड लाइन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

दूसरी ओर क्रोएशिया ने एक बार फिर अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी लुका मोड्रिच पर भरोसा जताया है। 40 वर्षीय मोड्रिच अपने करियर का पांचवां वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। टीम के मुख्य कोच ज्लाटको डालिच को उम्मीद है कि हालिया चोट के बावजूद मोड्रिच टूर्नामेंट शुरू होने तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

क्रोएशिया की टीम में स्टार फॉरवर्ड इवान पेरिसिच को भी शामिल किया गया है। क्रोएशिया 2018 विश्व कप में उपविजेता रहा था, जबकि 2022 में टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था। इस बार टीम को ग्रुप-L में रखा गया है, जहां उसका पहला मुकाबला 17 जून को इंग्लैंड के खिलाफ होगा।

इस बार का FIFA World Cup कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और इसकी मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको करेंगे। 11 जून 2026 से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।

फीफा ने इस बार टूर्नामेंट के प्रारूप में भी बड़ा बदलाव किया है। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है और पहली बार “राउंड ऑफ 32” खेला जाएगा। इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। फुटबॉल फैंस को इस बार पहले से ज्यादा मुकाबले, ज्यादा रोमांच और दुनिया के बड़े सितारों का जलवा देखने को मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *