नई दिल्ली । कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने कहा है कि आम नागरिक महंगाई और आर्थिक परेशानियों से त्रस्त है तथा इसका असर हाल ही में राजस्थान में हुए पंचायती राज चुनावों में भी देखने को मिला है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि आज आम भारतीय की स्थिति ‘आमदनी चवन्नी, खर्चा पांच रुपैया’ जैसी हो गई है।
उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से पूरा देश परेशान है, लेकिन ग्रामीण भारत में इसका असर कहीं अधिक देखने को मिल रहा है। लोगों के पास रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, आमदनी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है और दूसरी ओर रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
जयराम रमेश ने कहा कि बढ़ती महंगाई और सीमित आय के कारण आम परिवारों के सामने आर्थिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों की कमी और बढ़ते घरेलू खर्च ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस का कहना है कि राजस्थान के हालिया पंचायती राज चुनावों में जनता का असंतोष सामने आया है। पार्टी ने चुनावी नतीजों को आम लोगों की आर्थिक परेशानियों और सरकार के प्रति नाराजगी से जोड़ते हुए महंगाई एवं बेरोजगारी को प्रमुख मुद्दा बताया है।
कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता को आर्थिक राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।