डिजिटल क्रॉप सर्वे में शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करें: मुख्य सचिव विकासशील

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से खेतों में बोई गई फसलों की वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, खसरों का सत्यापन करने और सर्वे में दर्ज आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने को कहा है।

मंत्रालय महानदी भवन में शुक्रवार को आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति, भूमि अभिलेखों की पूर्णता और सर्वे कार्य में आ रही तकनीकी समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे में दर्ज जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि फसलों का सटीक विवरण उपलब्ध हो सके।

सर्वे की गुणवत्ता जांचने राज्यस्तरीय टीमें करेंगी सत्यापन

मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्यस्तरीय टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन किया जाए और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।

रिपोर्ट में सत्यापित खसरों की संख्या, सही पाए गए रिकॉर्ड और सामने आई त्रुटियों का विवरण शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। गलत रिकॉर्ड में सुधार के साथ सर्वे की आंतरिक जांच भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों का धान की खेती, किसान पंजीयन और धान उपार्जन से संबंधित आंकड़ों के साथ मिलान करने पर जोर दिया, ताकि विभिन्न विभागों के अभिलेखों में एकरूपता बनी रहे।

नक्शों की त्रुटियां दूर करने तकनीकी समाधान पर जोर

बैठक में सर्वे के दौरान सामने आई नक्शों की अनुपलब्धता और अन्य तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी तकनीकी उपाय विकसित करने तथा आवश्यकतानुसार नक्शों को अद्यतन करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तकनीकी बाधाओं के कारण सर्वे का काम लंबित नहीं रहना चाहिए। जिन मामलों में भौतिक सत्यापन और पॉलीगॉन के माध्यम से खेतों की सीमा का निर्धारण आवश्यक है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए।

कलेक्टरों के साथ होगी नियमित समीक्षा

मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कलेक्टरों के साथ बैठक कर डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने सभी जिलों में गांवों और खेतों के रिकॉर्ड का सत्यापन कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सर्वे की नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव सुश्री रीना बाबा साहब कंगाले, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी सहित भू-अभिलेख, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *