बस्तर में पुनर्वास और स्वावलंबन की मिसाल बना ‘कैफे पण्डुम’, केंद्रीय सहकारिता सचिव ने की सराहना

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे युवाओं द्वारा संचालित ‘कैफे पण्डुम’ पुनर्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव की प्रेरक मिसाल बनकर उभर रहा है। जगदलपुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी सहित केंद्र और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार को कैफे का भ्रमण किया और युवाओं के प्रयासों की सराहना की।

युवाओं को मिल रहा सम्मानजनक रोजगार

कैफे के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने इसका संचालन कर रहे युवाओं से संवाद किया और उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने इस पहल को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुनर्वास और सामाजिक समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को कैफे की अवधारणा, संचालन व्यवस्था और इससे जुड़े परिवारों की आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित तथा समाज की मुख्यधारा में लौटे लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है।

स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य ने किया प्रभावित

वरिष्ठ अधिकारियों ने कैफे की व्यवस्थाओं, स्थानीय व्यंजनों, प्राकृतिक रंगों से सजे परिसर और आत्मीय आतिथ्य की प्रशंसा की। उन्होंने इसे स्थानीय परिवेश और संस्कृति के अनुरूप विकसित एक जीवंत केंद्र बताया।

अधिकारियों ने कैफे का संचालन कर रहे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक पहल माना।

पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

‘कैफे पण्डुम’ बस्तर में पुनर्वास के साथ युवाओं को रोजगार और स्वावलंबन से जोड़ने की पहल के रूप में पहचान बना रहा है। इस तरह के प्रयासों से समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले युवाओं को नई शुरुआत करने, अपनी आजीविका विकसित करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलता है।

राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों का कैफे पहुंचना इस पहल को व्यापक पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह पहल स्थानीय संस्कृति, रोजगार और सामाजिक समरसता को एक साथ जोड़ते हुए बस्तर में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी प्रस्तुत कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *