रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तुता गांव में अतिक्रमण को लेकर नया विवाद सामने आया है। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (नवा रायपुर विकास प्राधिकरण) द्वारा गांव के 35 मकानों पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 30 जून को जारी नोटिस में ग्रामीणों पर प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है। नोटिस में संबंधित परिवारों को 6 जुलाई तक जवाब देने का समय दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस जारी होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस स्थान पर पिछले 25 से 50 वर्षों से रह रहे हैं और कई पीढ़ियां यहीं बसी हुई हैं। उनका सवाल है कि यदि यह भूमि अवैध थी तो इतने वर्षों तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में उचित समाधान और पुनर्विचार की मांग की है, ताकि उनके आशियाने पर संकट न आए। वहीं, संभावित कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।