रियाद । सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में घायल भारतीय नागरिकों का हाल जानने के लिए भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने अस्पतालों का दौरा किया। दूतावास ने सोमवार को बताया कि हमले में घायल सभी भारतीय नागरिकों को जिन अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, वहां अधिकारियों ने पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
एक भारतीय नागरिक की मौत, तीन आईसीयू में
भारतीय दूतावास के अनुसार, हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन अन्य भारतीय नागरिक गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती हैं, हालांकि उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। दो अन्य घायल सामान्य वार्ड में भर्ती हैं, जबकि बाकी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दूतावास ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों का आभार जताया। साथ ही, मृतक के परिजनों को सहायता देने और उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया।
हमले के बाद बढ़ी चिंता
किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, हवाई अड्डे पर लगातार हमलों के बीच उड़ानों के संचालन और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा
दूतावास ने कहा कि वह घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है। इस घटना के बाद भारतीय अधिकारियों की प्राथमिकता घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और पीड़ित परिवारों की मदद करना है।