मनेन्द्रगढ़ में हाथी का आतंक, काम खत्म कर आराम कर रहे मजदूरों पर हमला

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले देवसील गांव की आगे बस्ती की है। यहां सड़क निर्माण कार्य जारी था, जिसमें जेसीबी मशीनों के साथ कई श्रमिक काम कर रहे थे। रविवार देर रात काम खत्म होने के बाद श्रमिकों ने खाना खाया और पास में ही आराम करने लगे।

इसी दौरान एक हाथी अचानक निर्माण स्थल के पास पहुंच गया और वहां मौजूद श्रमिकों पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रमिक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

हादसे में गौरव (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35 वर्ष) को उपचार के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

वन विभाग और टाइगर रिजर्व की टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का जायजा लिया और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।

क्षेत्र में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

हाथी के हमले के बाद देवसील और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और श्रमिकों व ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *