सूरजपुर | छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह स्कूल समय के दौरान नशे की हालत में पाए गए।
वायरल वीडियो में हेडमास्टर स्कूल के बाहर जमीन पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए भी सुना जा सकता है। नशे की हालत में वह खुद को संभालने में भी असमर्थ दिखाई दे रहे हैं।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल विभाग की ओर से इस मामले में किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग के अगले कदम पर है।