दुर्ग-भिलाई का अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन रविवार को भी 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। सुबह तेज धूप होने के साथ ही दिनभर लू चल रही थी। लगातार पड़ रही गर्मी ने लोगों को हलाकान कर रखा है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
जिले में लगातार दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। शनिवार को दिन का तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है।
रविवार सुबह से ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया। सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास ही गर्म हवाएं चलने लगी थी। लू की वजह से अधिकांश लोग घरों के भीतर ही कैद रहे। दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक सड़कों पर चहल-पहल कम देखने को मिल रही थी।