‘सुपोषण वृक्ष-मुनगा’ बनेगा जनआंदोलन, व्यापक पौधरोपण का आह्वान: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर। प्रदेश में कुपोषण उन्मूलन और जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ‘सुपोषण वृक्ष–मुनगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है।

उन्होंने प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों से वर्षा ऋतु के दौरान बड़े पैमाने पर मुनगा (सहजन) के पौधरोपण की अपील की है, ताकि “घर-घर मुनगा, हर घर सुपोषण” का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।

आंगनबाड़ी केंद्रों और घरों में होगा पौधरोपण

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और हितग्राहियों के घरों में सुपोषण वृक्ष के रूप में मुनगा लगाने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि मुनगा एक अत्यंत पौष्टिक और बहुउपयोगी पौधा है, जिसमें प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और विटामिन ए व सी जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं।

कुपोषण और एनीमिया से लड़ाई में मददगार

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि मुनगा का नियमित सेवन बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर को सुधारने में सहायक है। यह एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जनभागीदारी से बनेगा ‘सुपोषित छत्तीसगढ़’

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जल स्रोतों, पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और घरों में मुनगा पौधरोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। मंत्री ने कहा कि यह अभियान जनसहभागिता से प्रदेश को सुपोषित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *