रायपुर। जशपुर जिले के तपकरा वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम सिंगीबहाल में निर्माणाधीन 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपकेंद्र का निर्माण कार्य जुलाई 2026 के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, इस उपकेंद्र का निर्माण जांजगीर-चांपा की एजेंसी एबी इलेक्ट्रिकल्स द्वारा किया जा रहा है। प्रारंभ में भूमि विवाद के कारण कार्य प्रभावित हुआ था, जिसे जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से सुलझा लिया गया है।
निर्माण कार्य तेजी से जारी
वर्तमान में उपकेंद्र भवन और 33 के.व्ही. लाइन निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। हालांकि कुछ स्थानों पर लाइन निर्माण के दौरान पुनः विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है, जिसका समाधान प्रशासन और विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
विभाग ने ठेकेदार को 31 जुलाई 2026 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
10 से 11 ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ
उपकेंद्र के शुरू होने के बाद आसपास की 10 से 11 ग्राम पंचायतों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलेगी। इससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और बिजली संबंधी समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
विद्युत विभाग ने विश्वास जताया है कि निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी कर क्षेत्र को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।