रायपुर । ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें वृक्षारोपण, खेलकूद और सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने अशोक का पौधा लगाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध समाज की नींव भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
डॉ. राय ने कहा कि नशा मुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे। वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है।
विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लगाए पौधे
कार्यक्रम में संस्थान के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य कार्मिकों ने मिलकर संस्थान परिसर में लगभग 75 अशोक के पौधों का रोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. अनिल दीक्षित ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
संस्थान द्वारा आयोजित यह अभियान युवाओं को प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और विकसित एवं नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. के. सी. शर्मा द्वारा किया गया।