रायपुर | इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा गठित राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना की स्टीयरिंग सह प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना का उद्देश्य देश में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देना है। योजना के तहत विभिन्न राज्यों में बायोटेक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके लिए केंद्र सरकार राज्यों को वित्तीय सहयोग भी उपलब्ध करा रही है।
परियोजनाओं की निगरानी करेगी समिति
राष्ट्रीय स्तर पर गठित यह स्टीयरिंग सह प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग समिति देशभर में प्रस्तावित जैव प्रौद्योगिकी पार्कों के परियोजना प्रतिवेदनों की समीक्षा और मंजूरी का कार्य करेगी। इसके साथ ही समिति इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी, प्रगति की समीक्षा और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करेगी।
समिति में डॉ. गिरीश चंदेल की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को जैव प्रौद्योगिकी, कृषि अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा।
कृषि और बायोटेक क्षेत्र को मिलेगा लाभ
डॉ. चंदेल के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग देश में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी संचालन में किया जाएगा। उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।