बीजापुर। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बीजापुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियम तोड़ने वाले 62 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 27 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूल किया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में चलाया गया। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए डीएसपी एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान बिना आवश्यक सुरक्षा उपायों के वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी करने सहित अन्य उल्लंघनों पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में यातायात प्रभारी केशव ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक विजय मंडावी सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्रवाई के साथ पुलिस ने किया जागरूक
बीजापुर पुलिस ने चालानी कार्रवाई के साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।