रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पूर्व छत्तीसगढ़ कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कोयला लेवी घोटाले में दर्ज एफआईआर में रामगोपाल अग्रवाल और उनके बेटे वैभव अग्रवाल का नाम पहले से शामिल है। रामगोपाल अग्रवाल फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जबकि वैभव अग्रवाल से ईओडब्ल्यू मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ पूरी होने के बाद वैभव अग्रवाल को ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का आरोप
छत्तीसगढ़ कोयला लेवी घोटाला मामले में ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन के दौरान प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली किए जाने का आरोप है। आरोप है कि ऑनलाइन परमिट व्यवस्था को ऑफलाइन कर एक संगठित नेटवर्क के जरिए कोयला ट्रांसपोर्टरों से लेवी वसूली गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक इस कथित सिंडिकेट के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई। मामले में कई कारोबारी, अधिकारी और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम जांच के दायरे में आए हैं।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी
कोयला लेवी घोटाले की जांच के दौरान ईडी ने अब तक कई गिरफ्तारियां की हैं और करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। मामले में विशेष अदालत में कई आरोप पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं।
वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास इस मामले से जुड़ी जानकारी है, उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए। अब ईओडब्ल्यू की पूछताछ में सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।