बिलासपुर। रतनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लवकुश कश्यप और साध्वी पद्मिनीपुरी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मामला जांच के दायरे में आ गया है।
साध्वी पद्मिनीपुरी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष ने उन्हें “शराब और गांजा पीने वाली” बताकर भक्तों को भड़काया। साध्वी के अनुसार, विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उनके धार्मिक कार्यों का लगातार विरोध किया जा रहा है।
साध्वी ने बताया कि उन्होंने उज्जैन में दीक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में एक मठ में साधना कर रही हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर, अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि साध्वी पद्मिनीपुरी पहले भी लोगों को ब्लैकमेल कर चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पुजारी से जुड़े मामले में भी दबाव बनाकर जमीन लेने की बात सामने आई है। कश्यप ने कहा कि यह आरोप उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग का हिस्सा हैं।
दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी तथ्यों, बयान और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है और पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।