धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं, करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर

बलौदाबाजार। धनतेरस की सुबह बलौदाबाजार शहर में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नेहरू चौक स्थित गुप्ता सदन में दीपावली की सफाई के दौरान करंट लगने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में परिवार के तीन सदस्य करंट की चपेट में आ गए। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंग कपड़ा बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अपने मकान की छत की गैलरी में दीपावली की सफाई कर रहे थे। वे झाड़ू की मदद से छत और गैलरी में लगे जाले साफ कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ू ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई, जिससे राकेश गुप्ता करंट की चपेट में आ गए।

पति को करंट से तड़पता देख उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता उन्हें बचाने पहुंचीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। माता-पिता को संकट में देखकर बेटा ओम गुप्ता भी उन्हें बचाने दौड़ा और करंट से गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राकेश गुप्ता और उनके पुत्र ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए उनका उपचार जारी है।

धनतेरस के दिन शहर में पसरा मातम

धनतेरस के दिन जब पूरा शहर खरीदारी और दीपावली की तैयारियों में जुटा था, तब इस हादसे की खबर ने लोगों को झकझोर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य, मोहल्लेवासी और आसपास के गांवों से लोग जिला अस्पताल पहुंचने लगे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इस दर्दनाक घटना से व्यापारी जगत सहित पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल वर्षा गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। त्योहार की रौनक के बीच बलौदाबाजार ने एक प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार के दो सदस्यों को खोने का गहरा दुख झेला।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *