रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में चार महतारी सदन, चार सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
चार गांवों में बनेंगे महतारी सदन
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं सामूहिक रूप से बैठकें कर सकेंगी और स्वरोजगार, आपसी संवाद तथा अन्य सामुदायिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकेंगी। इससे महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
चार गांवों में सामुदायिक भवनों का निर्माण
मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इसके अलावा ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। वहीं, पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों के जीवन को अधिक सहज, सुविधाजनक और बेहतर बनाना है।
महतारी सदन महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के नए केंद्र होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। वहीं, महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं हैं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवनों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों के माध्यम से जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।