नई दिल्ली । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री को भारतीय सशस्त्र बलों की तीनों सेनाओं की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति भवन में स्वागत समारोह के बाद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राजघाट के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज होगी मोदी और बालेंद्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता
राजघाट में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। इस बैठक में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग, संबंधों को और मजबूत बनाने तथा साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। ऐसे में दोनों प्रधानमंत्रियों की यह मुलाकात द्विपक्षीय साझेदारी को नई दिशा देने के लिहाज से अहम होगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी करेंगे मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। उनकी दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान होने वाली ये उच्चस्तरीय बैठकें भारत-नेपाल संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री की इस यात्रा पर दोनों देशों की राजनीतिक और कूटनीतिक गतिविधियों की नजर बनी हुई है।