रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने शोकाकुल परिवारों से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को आवश्यक समन्वय और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिल्ली प्रवास के दौरान घटना की जानकारी मिलते ही श्री शर्मा ने दिवंगत दीपक रात्रे और भूपेंद्र के परिजनों से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है और आतंकवाद के ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है और इस हमले में शामिल आतंकियों को उनके कृत्य की कठोर सजा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरक्षा बल आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
श्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों मृतक श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय शोकग्रस्त परिवारों को कठिन समय में संबल प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। साथ ही बताया कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।