रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए हमले में सक्ती जिले के श्री दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के श्री भूपेंद्र भैना की मौत पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। ऐसे कायराना और अमानवीय कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
श्री साय ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों की हर आवश्यकता में उनके साथ रहेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।