जगदलपुर। पत्रकारों की सुरक्षा और पत्रकार सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर जिला पत्रकार संघ के बैनर तले सोमवार को जगदलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, धमकियों और उत्पीड़न की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने मांग की कि पत्रकार सुरक्षा कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करते हुए उन्हें कई बार दबाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने मांग की कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई हो, दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएं और कानून को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा केवल मीडिया से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती से भी जुड़ा हुआ विषय है।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।