विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, CRPF आरंग में केंद्रीय विद्यालय के नए भवन का शुभारंभ

आरंग। शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत केंद्रीय विद्यालय, ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) आरंग के नवीन भवन का उद्घाटन समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, कड़ी मेहनत और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल मध्य अंचल के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (IPS) रहे। वहीं छत्तीसगढ़ सेक्टर CRPF के महानिरीक्षक शालिन (IPS) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप केंद्र CRPF रायपुर के उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और पौध भेंट कर किया गया। स्वागत संबोधन में DIG अजय कुमार सिंह ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की उपलब्धियों और विद्यालय के विजन-मिशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1963 में 20 रेजिमेंटल स्कूलों से शुरू हुआ केंद्रीय विद्यालय संगठन आज देशभर में 1331 से अधिक विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित शिक्षा प्रदान कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय आरंग में बालवाटिका-1 से 3 और कक्षा 1 से 5 तक कुल आठ कक्षाओं में करीब 320 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ग्रुप केंद्र CRPF आरंग द्वारा विद्यालय को अस्थायी भवन, पेयजल, शौचालय और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं स्थायी भवन के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।

समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, कला और राष्ट्रभक्ति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि दीपक कुमार (IPS) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों और भविष्य को आकार देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर नवीन विद्यालय परिसर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को लेखन सामग्री किट भी वितरित की गई। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को बेल मेटल का नंदी भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विशेष महानिदेशक CRPF दीपक कुमार, महानिरीक्षक शालिन, DIG अजय कुमार सिंह, संयुक्त अस्पताल GC CRPF रायपुर के DIG (चिकित्सा) डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, HEAD RCWA सुम्मी सिंह, केंद्रीय विद्यालय GC CRPF आरंग के प्राचार्य संजय कंसल सहित CRPF के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *