रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश कर रहे हैं। इस बैठक में संगठन को और मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति और पार्टी की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह और प्रदेश प्रभारी अजय जामवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
इसके अलावा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय समेत प्रदेश भाजपा के अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। प्रदेश पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट भी ली जा सकती है।
बैठक को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक से प्रदेश संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।